छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में शुक्रवार रात 'विकास यात्रा' के दौरान मुख्यमंत्री पर फूलमाला और पत्थरी फेंके गए।
बसंतपुर चौक पर रात 11 बजे रमन सिंह के रोड शो के दौरान फूलमाला और पत्थर फेंकने से हंगामा हो गया।
इसके चलते सीएम अपना भाषण भी पूरा नहीं कर पाए।
इस घटना के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया।
मालूम हो कि राजनांदगांव मुख्यमंत्री का गृह विधानसभा क्षेत्र हैं यहीं पर शिनवार को 'विकास यात्रा' के दूसरे चरण का समापन होने वाला है।
मुख्यमंत्री की विकास यात्रा डोंगरगांव छुरिया होते हुए देर शाम राजनांदगांव पहुंची। जैसे ही काफिला बसंतपुर चौक पर पहुंचा, वहां पर उपस्थित कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
तब प्रभारी मंत्री राजेश मूणत ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने और मूणत से भी उनकी झड़प हो गई।
इसी दौरान नारेबाजी कर रहे लोगों ने मुख्यमंत्री पर फूलमाला के साथ पत्थर फेंके। इस घटना के कारण मुख्यमंत्री अपना भाषण भी पूरा नहीं कर पाए।