राजधानी रायपुर के सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात एक जर्जर इमारत का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। इमारत के आसपास तेज आवाज में डीजे बज रहा था। इसी दौरान भवन का सामने वाला हिस्सा नीचे गिरा।
घटना सहेली ज्वेलर्स के सामने स्थित जर्जर भवन की है। इमारत के नीचे पान की दुकान संचालित होती है। भवन का हिस्सा गिरने से पहले ही दुकानदार और आसपास मौजूद लोगों को खतरे का अंदाजा हो गया था, जिसके चलते उन्होंने समय रहते वहां से निकलकर अपनी जान बचा ली।
दुकान के ऊपर से गिरा हिस्सा, पुलिस ने रोकी आवाजाही
इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। किसी व्यक्ति के मलबे में दबे होने की आशंका को देखते हुए आसपास का क्षेत्र सुरक्षित कराया गया। एहतियात के तौर पर पुलिस ने कुछ समय के लिए सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी रोक दी। राहत की बात यह रही कि देर रात हुई इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
पहले ही जारी हो चुका था भवन मालिक को नोटिस
घटना के बाद जर्जर भवनों को लेकर नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक संबंधित मकान काफी समय से जर्जर स्थिति में था और भवन मालिक को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। हिस्सा गिरने के बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने का काम शुरू किया। आसपास किसी और हिस्से के गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
सीएम साय ने दो दिन पहले ही दिए थे निर्देश
इस घटना को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हालिया निर्देशों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना के बाद मुख्यमंत्री ने दो दिन पहले कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर जर्जर और जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान कर समय पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे भवनों की नियमित निगरानी करने और लापरवाही मिलने पर जवाबदेही तय करने की बात कही थी। उन्होंने छात्रों और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए थे।
जर्जर भवन के पास डीजे बजाने से पुलिस ने किया मना
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से जर्जर भवन के पास तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम नहीं बजाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के दौरान किसी तरह का अतिरिक्त खतरा पैदा न हो, इसलिए इलाके में विशेष सावधानी बरती जा रही है।
फिलहाल नगर निगम जोन अध्यक्ष और निगम की टीम मौके पर मौजूद है। क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाने के साथ आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने की कार्रवाई जारी है।