मुंगेली में भारतीय जनता पार्टी नगर मण्डल की बैठक 26 सितंबर को मुंगेली पहुँच रही परिवर्तन यात्रा की तैयारी को लेकर हुई। विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित वरिष्ठ नेता गण उपस्थित रहे। अटल परिसर जिला भाजपा कार्यालय में हुई नगर मण्डल की बैठक में सभी 22 वार्डों में निवासरत प्रदेश,जिला एवं मण्डल पदाधिकारियों,शक्ति केन्द्रों के प्रभारी एवं संयोजक व सह संयोजक तथा पार्षद व वार्ड अध्यक्ष गण आमंत्रित थे।
इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले ने छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार व मुंगेली में भाजपा को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं से सहयोग व सुझाव मांगा तथा 26 तारीख को मुंगेली पहुँच रही विजय संकल्प परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने अपने दायित्वों के अनुरूप कार्य मे लग जाने की अपील की। इस अवसर पर वार्ड अध्यक्षों व कार्यकर्ताओं ने अपने अपने सुझाव रखे। जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक ने कहा कि मुंगेली के कार्यकर्ताओं की निष्ठा व पार्टी के प्रति लगन की अन्य स्थानों में मिसालें दी जाती है अतः हमें अपने प्रतिष्ठा के अनुरूप कार्य मे लग कर ना केवल परिवर्तन यात्रा को सफल बनाना है बल्कि मुंगेली विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीता कर प्रदेश में कमल खिलाना है।
देश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला ने कहा कि पिछले पांच वर्ष से हम विपक्ष में हैं आम नागरिकों व कार्यकर्ताओं को कांग्रेस सरकार से होने वाली तकलीफों को हमने देखा है अतः परिवर्तन का समय है। कांग्रेस को उखाड़ फेंकने हम सब एकजुटता से कार्य करें,उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस बीच वरिष्ठ नेताओं से हुई किसी भी प्रकार की कमी के लिए पार्टी की ओर से क्षमा याचना की। युवामोर्चा के जिलाध्यक्ष तरुण खाण्डेकर ने कहा कि हम कार्यकर्ताओं के पार्टी के प्रति निष्ठा का उदाहरण विपक्ष के नेता भी अपने कार्यकर्ताओं को देते हैं अतः हमें अपने साख के अनुरूप पार्टी को मजबूती प्रदान करना है और विधानसभा में भाजपा को विजयी बनाने के लिए तन मन धन से लगना है। उन्होंने परिवर्तन यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी युवामोर्चा कार्यकर्ताओं की है इस बात का जिक्र करते हुए सक्रियता से कार्य मे लग जाने तथा 17 सितंबर को लोरमी में आयोजित नवमतदाता सम्मेलन में उपस्थिति की अपील की। नगर भाजपा अध्यक्ष राणाप्रताप सिंह व विधानसभा संयोजक द्वारिका जायसवाल ने भी संबोधित किया। संचालन महामंत्री रामशरण यादव ने किया।