प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंच पर पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर व क्रेडा सदस्य कन्हैया अग्रवाल भिड़ गए।
- फोटो : संवाद
कवर्धा में शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के पहले ही पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर व क्रेडा सदस्य कन्हैया अग्रवाल आपस में मंच में ही भिड़ गए। दोनों के बीच में ब्लॉक कांग्रेस के एक नेता को मंच में बैठाए जाने को लेकर तू-तू-मैं-मैं हो गई। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस राहुल गांधी प्रकरण को लेकर कवर्धा में आयोजित की गई थी।
गौर करने बात है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कवर्धा विधायक व मंत्री अकबर भी शामिल होने के लिए पहुंचने वाले थे। लेकिन, जब पंडरिया विधायक ममता चन्द्राकर व क्रेडा सदस्य कन्हैया अग्रवाल के बीच तू-तू-मैं-मैं हुआ, उस समय मंत्री अकबर नहीं थे। वहीं, प्रेस के सामने हुई दोनों की तकरार को लेकर पार्टी की काफी किरकिरी हो रही है। जिलाध्यक्ष नीलू चंद्रवंशी ने बीच मे बैठकर तकरार को शांत कराया। मामले को लेकर नीलू चंद्रवंशी ने कहा कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस तरह दोनों नेताओं के बीच में जो हुआ वह ठीक नहीं था। लेकिन, यह पार्टी का अंदरूनी मामला है, जिसे सुलझा लिया जाएगा। वहीं प्रेस कान्फ्रेंस के बाद शाम छह बजे कांग्रेस कार्यालय कवर्धा से मशाल रैली निकाली जाएगी।