सक्ती जिले के ग्राम लटेसरा में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से एक बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लटेसरा पुलिया मोड़ के पास हुआ, जो क्षेत्र में एक संवेदनशील और घुमावदार स्थान माना जाता है। घटना चंद्रपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार व्यक्ति सुबह अपने कार्य पर जा रहा था। तभी तेज़ रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे सीधी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरा और उसे गंभीर चोटें आईं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना चंद्रपुर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही चंद्रपुर थाना पुलिस की टीम सुबह 5 बजे घटनास्थल पर पहुंची और घायल व्यक्ति को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे रायगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से प्राथमिक साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी नहीं होने के कारण अज्ञात वाहन की पहचान में मुश्किल आ रही है, हालांकि पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल घायल युवक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी पहचान व परिजनों की तलाश में जुटी है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई है।