माजदा वाहन को धान सहित जब्त किया
- फोटो : अमर उजाला
समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के अब अंतिम दिन चल रहे हैं, ऐसे में लगातार किसानों के नाम पर अवैध तरीके से मध्यप्रदेश का धान अवैध परिवहन कर जिले में खपाने का सिलसिला भी जारी है। ऐसे में आज जिला निगरानी दल एयर स्थानीय प्रशासन की टीम ने मध्यप्रदेश के कोतमा में रहने वाले धान तस्कर की माजदा वाहन को धान सहित जब्त किया है। मामले में कार्रवाई जारी है।
दरअसल, समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी जारी है और वास्तविक किसानों से धान खरीदी की जा रही है। धान खरीदी के दौरान अवैध रूप से धान का परिवहन, भंडारण एवं अमानक धान बेचे जाने की आशंका को ध्यान में रखते हुए निगरानी दल द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जांच दल को जानकारी मिली कि मध्यप्रदेश के कोतमा निवासी धान तस्कर लगातार मध्यप्रदेश का धान अवैध तरीके से चोरी छुपे छत्तीसगढ़ के पेंड्रा इलाके में गिरा रहे है जो दिन में किसान के नाम पर खरीदी केंद्रों में बेचा जाएगा जिसके बाद निगरानी दल लगातार मुस्तैद रहा और जैसे ही कोतमा के रहने वाले राजू जैन की माजदा वाहन अमरपुर में मध्यप्रदेश से लाया गया अवैध धान की खेप को परिवहन करते पकड़ लिया गया।
संबंधित व्यक्तियों से धान का वैध कागजात मांगा गया पर उनके पास कोई भी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर माजदा वाहन और उसमें लोड कुल 160 बोरी धान जब्त किया गया। अवैध रूप से धान का परिवहन किए जाने पर ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीपी 0585 में लदे 160 बोरी धान जप्त कर रक्षित केंद्र अमरपुर के अभिरक्षा में सौंपा गया है। बता दें कि मध्यप्रदेश के कोतमा निवासी राजू जैन पिछले कई वर्षों से समर्थन मूल्य की खरीदी के दौरान छत्तीसगढ़ के जीपीएम जिले में अवैध धान लाकर खपाने का गोरखधंधा कर रहा है। दो साल पहले भी तात्कालिक एसडीएम मरवाही रवि सिंह ने निमधा गांव के पास से इनकी की एक धान से भरी माजदा वाहन जब्त किया था।