फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

jashpur: ऑपरेशन आघात की बड़ी सफलता, पुलिस ने 15 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को दबोचा

Sat, 29 Mar 2025 07:20 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला नेटवर्क, जशपुर

सार

जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तपकरा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 15 किलो 350 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जशपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। तपकरा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 15 किलो 350 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

विज्ञापन


स्कूटी में छिपाकर ले जा रहे थे गांजा
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तपकरा-कुनकुरी मार्ग पर साजबहार बिट्टू ढाबा के पास नाकेबंदी की। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की स्लेटी रंग की जुपिटर स्कूटी आती दिखाई दी। पुलिस ने घेराबंदी कर स्कूटी की तलाशी ली, जिसमें एक पीले रंग के थैले और डिक्की में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। कुल 15 पैकेट में 15 किलो 350 ग्राम गांजा पाया गया।

गिरफ्तार तस्करों में एक नाबालिग भी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में विशाल मौर्य (19 वर्ष), निवासी पठान टोला, थाना मऊ, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) और 17 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक शामिल है। इनके खिलाफ 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विज्ञापन


बच्चों को बना रहे थे तस्करी का जरिया
पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ कि इस तस्करी का मास्टरमाइंड अजय यादव नामक व्यक्ति है, जो बच्चों का इस्तेमाल कर तस्करी करवा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे बनारस में मजदूरी करते थे, तभी धर्मेंद्र यादव नामक व्यक्ति ने उनसे स्कूटी के जरिए संबलपुर (उड़ीसा) से पार्सल लाने को कहा और इसके बदले 6000 रुपये देने का वादा किया। संबलपुर में कुछ लोगों ने उन्हें गांजे से भरा थैला सौंपा, जिसे लेकर वे उत्तर प्रदेश लौट रहे थे।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जल्द
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ पुख्ता सबूत मिले हैं और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा, जशपुर पुलिस लगातार ऑपरेशन आघात के तहत नशे के कारोबार को खत्म करने में जुटी है। हमारी टीम सतर्कता से काम कर रही है और तस्करी के हर नए हथकंडे को नाकाम कर रही है। जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार हो रही कार्रवाई
पुलिस की सतर्कता से लगातार गांजा तस्करी के प्रयास विफल हो रहे हैं। बीते दिनों भी अलग-अलग मामलों में कार, मोटरसाइकिल और यात्री बसों में छिपाकर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने के प्रयास किए गए थे, जिन्हें पुलिस ने नाकाम कर दिया था।

विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें