नवनिर्वाचित सदस्य उर्मिला रविंद्र कुमार भाजपा में शामिल
- फोटो : अमर उजाला
जांजगीर चांपा जिले के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए पांच मार्च को जिला पंचायत कार्यलय जांजगीर में चुनाव होना है। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 रसेडा से कांग्रेस पार्टी की अधिकृत रही नवनिर्वाचित सदस्य उर्मिला रविंद्र कुमार ने भाजपा का दामन थामा है।
उन्हें प्रदेश भाजपा से जिला पंचायत जांजगीर चांपा के प्रभारी नियुक्ति छगन मूंदड़ा, प्रदेश त्रिस्तरीय चुनाव प्रभारी सौरभ सिंह पूर्व विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने भाजपा का गमछा पहनाकर प्रवेश कराया है। इससे कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। पहले भाजपा के पास 10 अधिकृत सदस्य थे एक और मिलकर 11 हो चुके हैं। अब कांग्रेस के पास पांच में से चार ही बचे हैं। दो निर्दलीय सदस्य हैं। जांजगीर चांपा में 17 जिला पंचायत सीट हैं।
दरअसल, पांच मार्च को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव जीते हुए जिला पंचायत सदस्यों को करनी है। इसके बाद जिला पंचायत का अध्यक्ष अनुसूचित जाति महिला के लिए है, जिसमें से भाजपा की तीन महिला दावेदार हैं। वहीं, कांग्रेस से प्रीति अजय दिव्य 35 वोट से जीत कर पहुंची हैं। भाजपा के पास अब 11 सदस्य, कांग्रेस के पास चार सदस्य और निर्दलीय दो सदस्य हैं। इस प्रकार से यदि मानें तो भाजपा का अध्यक्ष बनना तय हो चुका है, लेकिन भाजपा से तीन दावेदारी में पार्टी के नेता किसका नाम सामने लाते हैं यह अभी तय नहीं हो पाया है। वहीं, उपाध्यक्ष की रेस में कई दावेदार हैं, लेकिन आशंका है कि निर्विरोध चुना जा सकता है।