Kamlochan Kashyap, SP, Dantewada, Chhattisgarh
- फोटो : ANI
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले बीजापुर में नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक जवान की हत्या कर दी है। दंतेवाड़ा के एसपी कमलोचन कश्यप ने शुक्रवार को बताया कि नक्सलियों ने बीजापुर जिले के पद्देदा गांव में सीएएफ के एक जवान की हत्या कर दी और उसके शव को गंगालूर-बीजापुर मार्ग पर रख कर फरार हो गए। एसपी ने बताया कि जवान पिछले सात दिनों से लापता था।
बीजापुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पदेदा गांव के करीब सुरक्षाबलों ने आरक्षक मल्लु राम सूर्यवंशी (38) का शव बरामद किया है।
अधिकारियों ने बताया कि सूर्यवंशी की हत्या की सूचना के बाद पुलिस दल को घटनास्थल भेजा गया था। सुरक्षाबलों ने घटनास्थल से एक पर्चा भी बरामद किया है। जिसमें नक्सलियों के गंगालूर एरिया कमेटी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सूर्यवंशी राज्य के बिलासपुर जिले का निवासी था। वह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की 17 वीं बटालियन में तैनात था। वह सशस्त्र बल की जिस कंपनी में तैनात था वह कंपनी क्षेत्र में पुलिस शिविर का निर्माण समेत अन्य कार्य करती है।
अधिकारियों ने बताया कि सूर्यवंशी पिछले सप्ताह अपने शिविर से लापता हो गया था। पुलिस दल लगातार उसकी खोज कर रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों की खोज में पुलिस दल रवाना किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले में करीब एक महीने के दौरान नक्सलियों ने तीन पुलिसकर्मियों, एक वन अधिकारी और चार ग्रामीणों की हत्या की है।