छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण में लगे तीन वाहनों में आग लगा दी है। बीजापुर के पुलिस अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जिले के उसूर विकासखंड के अंतर्गत पुसगुड़ी गांव के पास नक्सलियों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण में लगे वाहनों में शनिवार देर रात आग लगा दी ।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हथियार बंद नक्सली पुसगुड़ी गांव पहुंचे और वहां तीन ट्रैक्टरों में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने घटना के लिए जिम्मेदार नक्सलियों की खोजबीन शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदारों से कहा गया है कि वे पर्याप्त सुरक्षा के बगैर काम नहीं करे। लेकिन ठेकेदार ने पुलिस की सलाह नहीं मानी और सड़क निर्माण कार्य जारी रखा। नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली सड़क निर्माण कार्यों को अक्सर बाधित करने की कोशिश करते हैं तथा सड़क निर्माण में लगे वाहनों और मशीनों को नुकसान पहुंचाते हैं।