कोंडागांव जिले में देश के लौह पुरुष, पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया।
कोंडागांव जिले में देश के लौह पुरुष, पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 188वीं बटालियन की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।
विज्ञापन
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय एकता की शपथ के साथ हुई, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक और सीआरपीएफ के जवानों ने हिस्सा लिया। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इसके बाद 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन हुआ, जिसमें स्कूली बच्चों और युवाओं ने जोश और ऊर्जा के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया। सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि सरदार वल्लभ भाई पटेल का इस बल से गहरा नाता रहा है — आजादी के बाद उनके ही निर्णय से 'क्राउन रिप्रेजेंटेटिव पुलिस' का नाम बदलकर 'सीआरपीएफ' रखा गया था।
विज्ञापन
सीआरपीएफ 188वीं बटालियन के कमांडेंट भवेश चौधरी ने कहा कि सीआरपीएफ देश की आंतरिक सुरक्षा की रीढ़ है और सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर यह बल राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने कोंडागांव और समूचे बस्तरवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।