बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत वॉलीबॉल प्रतियोगिता के आयोजन ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया है। बलरामपुर रामानुजगंज पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र एवं मैडल प्रदान किया गया। बलरामपुर पुलिस द्वारा गठित ग्राम खेल समितियों के माध्यम से 325 स्थानों पर एक साथ वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 650 टीमों के कुल 3,900 खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल खेला।
बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत जिले के 325 ग्रामों में वॉलीबॉल खेल का आयोजन किया गया। इसमें बलरामपुर जिले के जिला मुख्यालय से लेकर नगरीय क्षेत्र एवं सुदूर वनांचल क्षेत्र में युवाओं के साथ जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सहभागिता दर्ज की। समस्त ग्रामवासी खिलाड़ियों को बलरामपुर पुलिस के द्वारा वॉलीबॉल का खेल खेलने के लिए सभी 650 टीमों को खेल किट का वितरण भी किया गया था।
इसमें ग्राम खेल समिति के कुल 325 ग्राम के 650 टीमों से 3900 से अधिक खिलाड़ियों ने एक साथ प्रातः 10:00 बजे से 04:00 बजे तक अपने अपने गांव में वालीबॉल का खेल आयोजित किया। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के सदस्यों के द्वारा कुल 325 गांव के खिलाड़ियों को अपने-अपने गांवों में वालीबॉल का खेल खेलते हुए देखकर तथा ग्राम खेल समिति के सदस्यों द्वारा खेल खेलते हुए फोटो-वीडियो का साक्ष्य व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रस्तुत भी किया गया।
रक्षित केंद्र बलरामपुर के परेड ग्राउंड में जिले के एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह सहित कलेक्टर बलरामपुर रिमिजियुस एक्का सहित जिपं सीईओ, एएसपी एवं अधिकारी व जवानों के साथ ही जिले के नागरिकों ने वालीबॉल का मैच खेला। वालीबॉल प्रतियोगिता में शामिल होकर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड का खिताब श्रीमती सोनल शर्मा के द्वारा बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को सौंपा गया। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के द्वारा गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में ग्राम खेल समिति का नाम दर्ज होने से गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन में शामिल खिलाड़ियों एवं लोगों को बधाई दी है।