छत्तीसगढ के जांजगीर चांपा जिले की भाजपा सांसद कमला पाटले को खाने में जहर देकर मारने की साजिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
जांजगीर चांपा के पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक सूचना दर्ज कर ली गई है और इसकी जांच की जा रही है। जांजगीर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सांसद श्रीमती पाटले के रसोइए रूपेंद्र कुमार को फोनकर कुछ लोगों ने नहर किनारे बुलाया और उन्हें एक कैप्सूल दिखाते हुए कहा कि इसे सांसद को खाने में मिलाकर देना है।
रसोइए को रुपयों का बंडल दिखाने के साथ काम नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह वह वहां से भागने में कामयाब रहा।
पुलिस को दिए बयान के अनुसार रूपेंद्र, वहां से सांसद निवास आने के बजाय रेल लाइन के किनारे 20-25 किलोमीटर दूर भाग निकला। एक भाजपा कार्यकर्ता ने उसे बदहवास हालत में देख सांसद को सूचना दी।
सांसद के सहयोगी उसे वहां से घर लाये जहां उसने घटनाक्रम की जानकारी दी। सांसद की सूचना पर पुलिस अधिकारी कल शाम उनके निवास पहुंचे। इस संदिग्ध मामले में आज प्राथमिकी दर्ज की गई। सांसद का कहना है कि उनकी किसी से जानी दुश्मनी नहीं है।