मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से समाज को शुभकामनाएं दीं और कहा कि मुख्यमंत्री किसी कारणवश व्यस्त होने के चलते कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने समाज और क्षेत्र की जनता से खेद प्रकट किया है। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास और समाज की प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे व्यक्तिगत रूप से प्रयास करेंगे कि मरवाही क्षेत्र में अधिक से अधिक विकास कार्य स्वीकृत किए जाएं।
प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री की ओर से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में भैंना समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समारोह में सामाजिक एकता, पारंपरिक मूल्यों के संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया गया।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने पीसीसी चीफ दीपक बैज द्वारा भाजपा के प्रस्तावित प्रशिक्षण शिविर को पिकनिक स्पॉट बताने और जनता का पैसा बर्बाद करने के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता जो भी बोलते हैं, जनता उन्हें भलीभांति जानती है, इसलिए जनता ने उन्हें उचित स्थान पर बैठा दिया है। दीपक बैज द्वारा भाजपा सरकार के अब तक के कार्यों पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग पर मंत्री अग्रवाल ने कहा कि बिलकुल, समय आने पर श्वेत पत्र जारी किया जाएगा।