सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का कहना है कि आरक्षक ने मोबाइल नंबर लेकर उससे दोस्ती की। इसके बाद प्यार का इजहार करते हुए उसने जबरन संबंध बनाए। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि साल 2022 में वह रायगढ़ सिटी कोतवाली कोई शिकायत लेकर पहुंची, तब वहां उसकी मुलाकात आरक्षक शशिकांत चौहान के साथ हुई थी। पहली ही मुलाकात में आरक्षक शशिकांत ने उसका मोबाइल नंबर लिया और फिर व्हाट्सएप के जरिये दोनों के बीच बात होने लगी। पीड़िता ने बताया कि दोस्ती होने के बाद दोनों की मुलाकात होने लगी। इसी बीच 27 नवंबर 2022 को दोनों एक होटल में मिले, जहां शशिकांत ने उसे प्रपोज किया।
युवती ने मना कर दिया, लेकिन युवती की बात को टालते हुए आरक्षक ने जबरन शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद पीड़िता के रोने पर शशिकांत उससे शादी करने की बात कहते हुए शांत कराया। पीड़िता से आरक्षक लगातार अलग-अलग जगह पर मिलता रहा और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। शशिकांत ने अगस्त 2024 में शादी करने का प्रस्ताव रखा और शादी के बारे में किसी को नहीं बताने की बात कहने लगा।
शराब के नशे में खुल गया राज
पीड़िता ने बताया कि एक दिन शशिकांत शराब के नशे में था और नशे की हालत में उसने अपने शादीशुदा होने के साथ-साथ उसकी छह साल की बेटी होने की बात बता दी। इसके बाद पीड़िता ने आरक्षक की पत्नी से भी संपर्क किया और उसकी हरकतों के बारे में बताया। इस दौरान आरक्षक की पत्नी ने उसे इस मामले की किसी से शिकायत नहीं करने की बात कही थी, जिस वजह से उसने इस घटना का किसी से ज़िक्र नही किया था।
पीड़िता को करने लगा प्रताड़ित
पीड़िता ने यह भी बताया की आरक्षक शशिकांत उसे प्रताड़ित करने के साथ-साथ धमकाने लगा, जिससे परेशान होकर पीड़िता ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर उक्त मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद पुलिस ने धारा 69-बीएनएस का अपराध कायम कर मामले को जांच में ले लिया है।