सुबह 4 बजे पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- फोटो : अमर उजाला
रायपुर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'निश्चय अभियान' के तहत शुक्रवार तड़के पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देशन और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में सुबह 4 बजे से पूरे जिले में एक साथ दबिश अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस की लगभग 60 विशेष टीमों ने रायपुर जिले के 100 से अधिक इलाकों में छापेमारी की।
अभियान में पुलिस ने नशे का कारोबार, अवैध शराब बिक्री, फरार अभियुक्तों और शांति भंग करने वालों को निशाने पर रखा। पुलिस ने इस कार्रवाई में नशे का सामान बेचते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लगभग 3.800 किलो गांजा और 80 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट बरामद की गईं। इसके अलावा अवैध शराब बिक्री में 29 लोगों को पकड़ा गया, जिनसे 705 पौवा शराब जब्त की गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चाकू बरामद किया और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं, फरार अपराधियों की तलाश में पुलिस टीमों ने उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देते हुए 21 वारंट तामिल किए और पुराने मामलों में फरार 7 आरोपियों को भी पकड़ लिया।
इसके साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले 70 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इस व्यापक अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 134 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों और आपराधिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, और “निश्चय अभियान” आगे भी लगातार शहर में चलता रहेगा।