सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार नक्सली प्रतिबंधित माओवादी संगठन के मिलिशिया सदस्य बताए गए हैं, जो सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से इलाके में टिफिन बम प्लांट कर चुके थे। गिरफ्तारी ग्राम अचकट के जंगलों में उस समय हुई जब सुरक्षाबल एरिया डोमिनेशन और तलाशी अभियान पर निकले थे। अभियान के दौरान पांच संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान दोड़हिड़मा किसकेपारा गांव के रहने वाले मुरिया जनजाति के लोगों के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने माओवादी संगठन में सक्रिय रहने और विस्फोटक सामग्री प्लांट करने की बात कबूल की।
नक्सलियों के पास से एक टिफिन बम (करीब 2 किलो वजनी), लोहे की सरिया, एक फीट कोर्डेक्स वायर का गुच्छा, पांच मीटर बिजली वायर जिसमें एक तरफ डेटोनेटर और दूसरी तरफ बैटरी लगी हुई थी, बरामद की गई। सभी बरामद विस्फोटकों को सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर ही BDS टीम द्वारा निष्क्रिय कर दिया गया। गिरफ्तार नक्सलियों के खिलाफ थाना जगरगुंडा में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 08/2025 दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे लगातार नक्सल विरोधी अभियानों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लग रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों से मिल रही खुफिया सूचनाएं इस अभियान को सफल बनाने में सहायक सिद्ध हो रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में और भी कार्रवाई की उम्मीद है।