फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीजी: 18 लोगों की जान लेने वाले कबरा हाथी पर बड़ा एक्शन, ट्रैंकुलाइजर से बेहोश कर लगाएंगे रेडियो कॉलर

Thu, 12 Nov 2026 06:18 PM IST
अमन कोशले न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर

सार

आतंक का पर्याय बन चुके कबरा हाथी ने छह महीने में 18 लोगों की जान ले ली है। ताजा घटना में महिला को हाथी ने कुचलकर मार डाला। लगातार बढ़ती घटनाओं को देखते हुए वन विभाग को हाथी को ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाने की मंजूरी मिल गई है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा पर पिछले तीन दिनों से विचरण कर रहे हिंसक कबरा हाथी ने उमेश्वरपुर के श्यामपुर में देर रात 11:00 बजे एक 45 वर्षीय महिला को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद हाथी लक्ष्मीपुर से होते हुए उदयपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत झिरमिटी के जंगल में पहुंच गया। यह हाथी पिछले छह महीनों में 18 लोगों की जान ले चुका है। लगातार बढ़ती हिंसक घटनाओं को देखते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) छत्तीसगढ़ ने हाथी को ट्रैंकुलाइजर गन से बेहोश करके रेडियो कॉलर लगाने की औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विज्ञापन


कई विद्यालयों में अवकाश घोषित
उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय के समीप हाथी के पहुंचने से प्रशासन और वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडेय ने झिरमिटी जंगल से एक किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। इसके तहत स्वामी आत्मानंद स्कूल, डूमरडीह, धौरपारा, ललमटियापारा और जरहाडीह के स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया। सरगुजा के डीएफओ लोकनाथ पटेल और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वन विभाग की टीम ड्रोन कैमरों से हाथी की लोकेशन पर नजर रख रही है और ग्रामीणों को जंगल में न जाने की हिदायत दी गई है।

छह माह में 18 लोगों की मौत
कबरा हाथी का खौफ इलाके में लगातार गहराता जा रहा है। दिवाली की रात भी इस हाथी ने दो ग्रामीणों को मार डाला था। इसके बाद कंदरई गांव में मेहमानी में आए तुरीपतरा निवासी 66 वर्षीय विशुन राम को भी हाथी ने कुचल दिया था। हाथी के हिंसक व्यवहार को देखते हुए सरगुजा एलिफेंट प्रोजेक्ट के मुख्य वन संरक्षक ने इसे ट्रैक करने के लिए रेडियो कॉलर लगाने की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद अब एक मजबूत पट्टे के माध्यम से हाथी की गर्दन में रेडियो कॉलर लगाया जाएगा। इस ट्रैकिंग डिवाइस की मदद से वन विभाग को हाथी की रियल टाइम लोकेशन मिलती रहेगी, जिससे आसपास के रिहाइशी इलाकों में समय रहते सतर्कता बढ़ाई जा सके।
विज्ञापन


रेस्क्यू सेंटर भेजने पर भी विचार
सरगुजा क्षेत्र में इससे पहले भी छह खतरनाक हाथियों को रेडियो कॉलर पहनाया जा चुका है, हालांकि वे प्रयोग बहुत सफल नहीं रहे। कुछ ही दिनों में हाथियों ने या तो कॉलर खुद ही उतार दिए या वे गिर गए। मुख्य वन संरक्षक के अनुसार यदि रेडियो कॉलर लगाने के बावजूद हाथी की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाया जा सका, तो उसे रेस्क्यू सेंटर भेजने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए वन्यप्राणी विभाग से अलग से अनुमति मांगी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें