रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए गए बड़े अभियान में अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क को ध्वस्त करने में सफलता हासिल की है। लगातार 48 घंटे तक चले ऑपरेशन में पुलिस ने ओडिशा के कई जिलों में एक साथ दबिश देकर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई के लिए एसीसीयू, एएनटीएफ और विभिन्न थानों की संयुक्त 50 सदस्यीय टीम गठित की गई थी। यह विशेष अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें पुलिस ने एंड-टू-एंड जांच करते हुए सीधे सप्लाई चेन पर प्रहार किया।
छापेमारी ओडिशा के बरगढ़, बलांगीर, टिटलागढ़, कंधमाल और बौध जिलों में एक साथ की गई। इन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 6 प्रकरणों में कुल 9 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनमें एक आरोपी महाराष्ट्र और बाकी उड़ीसा के निवासी हैं।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह देश के कई राज्यों में गांजा सप्लाई कर रहा था। मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तरप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, पंजाब और उड़ीसा तक इसका नेटवर्क फैला हुआ था। पुलिस की इस कार्रवाई से इस पूरे सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
इससे पहले भी राजधानी में नशे के खिलाफ कार्रवाई जारी रही है। आजाद चौक क्षेत्र में हाल ही में पुलिस ने पंजाब के चार अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर चिट्टा तस्करी के मामले का खुलासा किया था।
पुलिस कमिश्नरेट लागू होने के बाद से नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज हुआ है। अब तक एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 62 मामलों में 107 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और करीब ढाई करोड़ रुपये की अवैध सामग्री जब्त की गई है। इन गिरफ्तार आरोपियों में कई राज्यों के तस्कर शामिल हैं, जो इस बात का संकेत है कि नशे का नेटवर्क व्यापक स्तर पर सक्रिय था।