पेंड्रा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 15 दिन पहले एक शिक्षक की बाइक की डिक्की तोड़कर दिनदहाड़े 34 हजार 500 रुपये की उठाईगिरी की गई थी।
गौरेला-पेंड्रा-मारवाही जिले के पेंड्रा थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय नट गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। करीब 15 दिन पहले एक शिक्षक की बाइक की डिक्की तोड़कर दिनदहाड़े 34 हजार 500 रुपये की उठाईगिरी की गई थी। पुलिस की तफ्तीश में मामला सुलझा और आरोपियों की गिरफ्तारी मध्यप्रदेश के शहडोल से हुई।
विज्ञापन
पीड़ित शिक्षक ने बैंक से पैसे निकालकर घर लौटते वक्त जैन मोहल्ला इलाके में एक ज्वेलर्स की दुकान के पास अपनी बाइक खड़ी की। इसी दौरान आरोपियों ने डिक्की से कैश पार कर दिया। दिनदहाड़े बाजार में हुई वारदात से पुलिस भी सकते में आ गई थी। शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले। जांच में नट गिरोह की संलिप्तता सामने आई, जिसके तार रायगढ़ के कापू, जशपुर और पत्थलगांव से भी जुड़े मिले। इसी आधार पर पुलिस टीम ने शहडोल में दबिश देकर 4 आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी चंद्रभान नट उर्फ बबलू, करण साहू, राजू नट और सूरज द्विवेदी ये सभी आरोपी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई थानों में पहले से ही फरार थे। पुलिस के मुताबिक, गिरोह बेहद संगठित तरीके से काम करता था। बैंक में कैश निकालने वालों पर नजर रखते, फिर टारगेट तय कर मौका मिलते ही डिक्की या बैग पर हाथ साफ कर भाग जाते थे।