जांजगीर-चांपा जिले के महुदा क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब कुछ लोग सब्जी बाड़ी में काम कर रहे थे। राज्य में इन दिनों अचानक मौसम बदलने से आंधी, बारिश और कड़क के साथ आकाशीय बिजली का खतरा बढ़ गया है।
सब्जी बाड़ी में हुआ हादसा
महुदा क्षेत्र में कुछ लोग रोजाना की तरह सब्जी बाड़ी में काम में जुटे थे। इसी दौरान अचानक मौसम में तेजी से बदलाव आया और आसमान में काले बादल छा गए। बादल छाने के साथ ही गरज-चमक शुरू हो गई। बाड़ी में मौजूद लोग कुछ समझ पाते या बचाव के लिए भाग पाते, उससे पहले ही उन पर आकाशीय बिजली आ गिरी। बिजली की सीधी चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग इस हादसे में बुरी तरह झुलस गए।
झुलसे लोगों का इलाज जारी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों और घरों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। लोगों की मदद से झुलसे हुए चारों लोगों को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। एक ही झटके में तीन लोगों की जान चले जाने से मृतकों के परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से पूरे महुदा गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।