आकाशीय बिजली से तीन लोगों की मौत।
- फोटो : social media
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से हादसा हो गया। इस हादसे में एक नाबालिग लड़की समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से नौ अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
जशपुर की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडे ने बताया कि यह घटना राजधानी रायपुर से 400 किलोमीटर दूर पंद्रापथ पुलिस चौकी सीमा के अंतर्गत बुर्जुडीह गांव में शाम करीब साढ़े चार बजे हुई। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गांव के साप्ताहिक बाजार में एक छोटे से भोजनालय में आकाशीय बिजली गिरी, जिससे 12 लोग झुलस गए। जिसके बाद आनन-फानन में इन लोगों को पड़ोसी जिले बलरामपुर के शंकरगढ़ के एक अस्पताल में ले जाया गया। जहां भोजनालय के मालिक की 12 वर्षीय बेटी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में झुलसे अन्य लोगों में से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को आरबीसी (राजस्व पुस्तक परिपत्र) प्रावधानों के तहत प्रत्येक मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा उपचार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।