कोरबा क्षेत्र में आयोजित 2 दिवसीय अंतर क्षेत्रीय बॉडी बिल्डिंग, पावर लिफ्टिंग एवं वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में कुसमुंडा क्षेत्र ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हसदेव क्षेत्र उपविजेता रहा।
कोरबा जिले में कोयला उत्पादन में अग्रणी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) खेलों के क्षेत्र में भी लगातार नई ऊंचाइयां छू रहा है। कोरबा क्षेत्र में आयोजित 2 दिवसीय अंतर क्षेत्रीय बॉडी बिल्डिंग, पावर लिफ्टिंग एवं वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिता में कुसमुंडा क्षेत्र ने चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि हसदेव क्षेत्र उपविजेता रहा। प्रतियोगिता में एसईसीएल के सभी 13 क्षेत्रों की टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें पुरुष और महिला वर्ग से करीब ढाई सौ से अधिक खिलाड़ियों ने अलग-अलग श्रेणियों में भाग लिया। प्रतियोगिता का आयोजन और संचालन कोरबा क्षेत्र ने किया।
विज्ञापन
बॉडी बिल्डिंग में कुसमुंडा क्षेत्र के संजय पाल प्रथम स्थान पर रहे और उन्हें मिस्टर एसईसीएल का खिताब दिया गया। वेट लिफ्टिंग (महिला वर्ग) में जमुना-कोतमा क्षेत्र की रूकमणी ने शानदार प्रदर्शन कर एसईसीएल स्ट्रांग वूमन का खिताब जीता। कुसमुंडा क्षेत्र के ही विष्णु प्रसाद यादव ने 66 किलो भार वर्ग में 215 किलो वजन उठाकर मिस्टर स्ट्रांग मैन का खिताब हासिल किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मेहनत, ट्रेनर हर्षल प्रसाद, गिरधर सोनी और भाई बृजेश यादव को दिया।
कोरबा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि एसईसीएल उत्पादन के साथ-साथ खेलों को भी बढ़ावा दे रहा है। महिला खिलाड़ी भी अब बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यालय से पहुंचे मुख्य अतिथि जी. श्यामला राव ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। एसईसीएल स्तर पर जीत दर्ज करने वाले ये खिलाड़ी अब आगामी दिनों में डब्लूसीएल नागपुर में आयोजित कोल इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे और अपना प्रदर्शन दिखाएंगे।