बसपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ आपत्तिजनक बात करने और मोबाइल से संदेश भेजने का आरोप लगाने के बाद पार्टी से निष्कासित पूर्व विधायक कामदा जोल्हे और मधुकर अब पार्टी नेताओं का पोल खोलेंगे। आज प्रेसवार्ता में कामदा जोल्हे ने कहा कि वे 25 सितंबर को बूढ़ापारा धरना स्थल पर प्रदर्शन करेंगी और पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले और उनसे आपत्तिजनक बात करने वाले अशोक सिद्धार्थ के दुराचार का भंडाभोड़ करेंगी।
कामदा जोल्हे ने आरोप लगाया है कि उन्हें षडयंत्र पूर्वक पार्टी से बाहर निकाला गया है। पिछले दिनों पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने पार्टी में हित में निर्णय लिए जाने सुझाव दिया था। साथ ही उन्होंने बैठक में यह जानना चाहा कि पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले कुछ नेताओं के खिलाफ पार्टी सुप्रीमो मायावती से शिकायत की थी, उस पर क्या कार्रवाई हुई।
कामदा जोल्हे ने कहा कि मैंने हमारी पार्टी की सुप्रीमो मायावती से मुलाकात करने वरिष्ठ नेताओं से गुहार लगाई लेकिन उन्होंने मुझे मिलने नहीं दिया। मुझपर झूठे आरोप लगाकर पार्टी से निकाला गया है। मेरे ऊपर लगाए गए सारे आरोप बेबुनियाद हैं।