Korea BJP Leader Murder: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत थाना क्षेत्र के नौगई गांव में रेत खनन को लेकर हुए विवाद में बीजेपी नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की हत्या मामले में प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले में आरोपी भी गिरफ्तार हुए हैं। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। सख्त कार्रवाई की जायेगी।
बता दें कि मंगलवार की देर रेत खनन को लेकर दो भाजपा नेताओं के बीच विवाद हुआ था, जो देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान आरोपियों ने भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की कार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिसमें गहरवार की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं उनके दो रिश्तेदार (वीरेंद्र सिंह और नागेंद्र सिंह ) जो गंभीर रूप से झुलसे हुए थे, उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस खूनी संघर्ष में मयंक सिंह और योगेंद्र सिंह घायल हैं। आरोपियों ने पहले एक कार को टक्कर मारकर उसमें आग लगा दी, जिससे यह दर्दनाक घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों की पहचान की है, जिनमें से चार को गिरफ्तार किया जा चुका है।
टिपर से फॉर्च्यूनर कार को टक्कर आग के हवाले
बताया जा रहा है कि रेत कारोबार को लेकर ठाकुर और त्रिपाठी समूह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार की रात फोन पर हुई कहासुनी के बाद मामला और भड़क गया। देर रात एक पक्ष के लोग कार में सवार होकर दूसरे पक्ष के घर के सामने पहुंचे। वहां दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि मालवाहक टिपर से फॉर्च्यूनर कार को टक्कर मारी गई। इसके बाद वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।