फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंजिल से पहले मौत: उफनते नाले में बाइक समेत बहा राहुल, बुधराम ने कूदकर बचा ली जान; तीन किमी दूर मिला शव

Tue, 21 Jul 2026 09:21 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

सार

कोरबा के लेमरू क्षेत्र में उफनते सांचर नाले को बाइक से पार करने की कोशिश में 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार बह गए। 12 घंटे बाद राहुल का शव तीन किलोमीटर दूर मिला। वहीं हादसे में राहुल का साथी बच गया। 
 
विज्ञापन
तीन किलोमीटर दूर मिला राहुल का शव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया में उफनते सांचर नाले को पार करने की कोशिश एक 28 वर्षीय युवक की जान पर भारी पड़ गई। नाले के तेज बहाव में बाइक समेत बह गए युवक का शव 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। वहीं, इस हादसे में उसका साथी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार, वनांचल ग्राम नकिया निवासी 28 वर्षीय राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर आया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गांव से करीब तीन किलोमीटर पहले पड़ने वाला सांचर नाला उफान पर था।

ग्रामीणों ने बताया कि नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था। इसके बावजूद राहुल ने बाइक से ही नाला पार करने की कोशिश की। इसी दौरान बुधराम ने खतरे को भांपते हुए बाइक से छलांग लगा दी और किनारे पहुंच गया। राहुल जैसे ही बाइक लेकर नाले में उतरा, पानी के तेज बहाव में वह बाइक समेत बह गया। देखते ही देखते वह आंखों से ओझल हो गया।
विज्ञापन


घटना के बाद बुधराम ने किसी तरह अपनी जान बचाई। पानी का स्तर कुछ कम होने पर वह गांव पहुंचा और परिजनों व पुलिस को सूचना दी। अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण सोमवार रात सर्च ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका।

मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नाले में फंसा मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लगातार बारिश के कारण जिले की कई नदियां, नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर आवागमन कर रहे हैं। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी है कि तेज बहाव वाले नालों को पार करने की छोटी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

लेमरू पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान उफनते नालों, नदियों और डूबे हुए पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं। अपनी और अपनों की सुरक्षा के लिए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

 

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें