युवक की संदिग्ध मौत के बाद जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
शहर में मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के डीपरापारा में 40 वर्षीय लवकुश साहू का शव 11 केवी विद्युत पोल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के अंडरगारमेंट से एक की-पैड मोबाइल और कागज का चुटका बरामद हुआ, जिसमें कुछ लोगों के नाम लिखे होने तथा जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास का जिक्र मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
घटना शनिवार शाम की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार लवकुश साहू हम्माली का काम कर पत्नी बिंदा साहू और बच्चों का भरण-पोषण करता था। रोज की तरह वह घर से बाहर निकला था। कुछ देर बाद घर के पास लगे 11 केवी विद्युत पोल के नीचे उसका शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया।
ये भी पढ़ें: Chhattisgarh: बीच सड़क पर युवक से मारपीट, तमाशबीन बनी रही भीड़; पुलिस ने शुरू की जांच
पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस को मृतक के अंडरगारमेंट के भीतर से एक की-पैड मोबाइल फोन और कागज का एक चुटका मिला। कागज पर टूटी-फूटी भाषा में कुछ लोगों के नाम लिखे थे। इसमें जान से मारने की धमकी और हत्या के प्रयास का उल्लेख किया गया है। कागज में 'लुकवा' नाम के साथ कुछ अन्य लोगों के नाम भी दर्ज हैं।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के निशान भी मिले हैं। वहीं पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि मृतक की पत्नी बिंदा साहू से उसकी दूसरी शादी हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। बरामद मोबाइल और कागज के चुटके को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। कागज पर लिखी हैंडराइटिंग की भी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।