अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर युवा कांग्रेस ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने उच्च स्तरीय जांच, सभी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और तीन दिन के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। युवा कांग्रेस ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन को तीन दिन का समय दिया है।
विज्ञापन
कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका परिसर में स्थापित भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा निर्माण में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में युवा कांग्रेस कोरबा ग्रामीण ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन शुरू करेगा।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि प्रतिमा निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। संगठन का कहना है कि प्रारंभिक जांच के बाद केवल उप-अभियंता को निलंबित कर मामले को सीमित करने का प्रयास किया गया, जबकि निर्माण कार्य में नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), संबंधित ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विज्ञापन
युवा कांग्रेस का कहना है कि यदि निर्माण कार्य में गड़बड़ी सामने आई है तो जांच का दायरा बढ़ाकर सभी जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित पक्षों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। केवल एक अधिकारी पर कार्रवाई कर पूरे मामले को समाप्त करने का प्रयास उचित नहीं है।
संगठन ने यह भी मांग की है कि जांच पूरी होने तक प्रतिमा को हटाने या उसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाए। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित कर पारदर्शी तरीके से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को तीन दिन का समय देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कटघोरा एसडीएम कार्यालय के सामने लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने आंदोलन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सोशल मीडिया और जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया है।