सड़क हादसे में रेंजर सहित दो घायल
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो सड़क किनारे पेड़ से अनियंत्रित होकर टकरा गई। इस हादसे में चालक और वन विभाग के रेंजर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और वाहन में फंसे चालक को किसी तरह बाहर निकाला गया।
बताया जा रहा है कि पसान रेंजर को पिपरिया क्षेत्र में हाथी आने की सूचना मिली थी। इसके बाद रेंजर मनीष सिंह और ड्राइवर स्कॉर्पियो में सवार होकर मौके पर पहुंचे, जहां हाथियों पर नजर रख रहे ग्रामीणों को पास न जाने और हाथियों के साथ छेड़छाड़ न करने की हिदायत दी।
हाथी मित्र दल लगातार हाथियों पर नजर बनाए हुए था। वहीं रविवार तड़के वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। इसमें चालक और रेंजर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल भेजा गया। रेंजर के सीने और हाथ पर चोट आई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
बताया जा रहा है कि हाथियों के झुंड में एक बेबी एलिफेंट भी है, जिसके चलते हाथी काफी आक्रामक हैं और आसपास किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। किसानों के अनुसार हाथियों का झुंड लगातार इस क्षेत्र में विचरण कर रहा है, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।