छत्तीसगढ़ के कोरबा में चोरों ने मंगलवार देर रात एक किराना दुकान और च्वॉइस सेंटर में हाथ साफ कर दिया। दुकान का शटर तोड़कर चोर वहां से राशन सहित दो लाख रुपये का सामान ले गए। इस दौरान चोरों ने वहां लगे तीन सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। साथ ही जाते समय डीवीआर भी निकालकर ले गए। अगले दिन बुधवार सुबह चोरी का पता चलने पर दुकान संचालक ने सीएसईबी पुलिस चौकी में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के मुताबिक, कोरबा-दर्री मार्ग पर कोहाडिया बरपारा में मुकेश राठौर का व्यवसायिक संस्थान संचालित है। रोज की तरह वह मंगलवार रात करीब 9.45 बजे दुकान बंद कर अपने घर चला गया। अगले दिन सुबह इलाके के एक व्यक्ति ने शटर के निचले हिस्से को टूटा देखा तो राठौर को जानकारी दी। जिसके बाद भी वह पहुंचे और पुलिस को मामले से अवगत कराया।
चोरों ने उनको करीब दो लाख का नुकसान पहुंचाया है। राशन के सामान के साथ ही नगदी भी ले गए हैं। पिछले हिस्से में कुछ सामान मिला है, जिसे चोर छोड़ गए थे। चोरों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए तीन सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर को साथ ले गए। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी यहां चोरी की घटना हो चुकी है, जिसकी रिपोर्ट संचालक ने दर्ज कराई गई थी, लेकिन हुआ कुछ नहीं।