कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के तुमान में मारपीट की बड़ी वारदात सामने आई है। रेलवे विस्तार कार्य में लगे पेटी कांट्रेक्टर के सुपरवाइजर के साथ गांव और कंपनी के कर्मचारियों ने जमकर मारपीट की है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल सुपरवाइजर की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल का नाम सचिन चौसरिया बताया जा रहा है। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की है। उसके शरीर पर जख्म के कई निशान दिख रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूरा विवाद पुराने विवाद और अपने व्यक्ति को काम पर लगाने को लेकर हुआ है। रेलवे विस्तार कार्य में लगे सुपरवाइजर और स्थानीय ग्रामीणों के बीच काम को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गांव के कुछ युवकों और कंपनी के कर्मचारियों ने मिलकर सुपरवाइजर पर हमला कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। मारपीट करने वाले आरोपियों का नाम देव कुमार, हिमांशु कुमार, पुष्पेंद्र, नवरत्न और एक अन्य युवक बताया जा रहा है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कटघोरा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है और घायल के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि रेलवे विस्तार कार्य में स्थानीय लोगों को रोजगार देने की मांग को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है। इसी को लेकर यह घटना हुई है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।