कोरबा पुलिस व साइबर सेल की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने सरेराह लोगों से मारपीट कर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। मामले में एक नाबालिग सहित आठ आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। उनकी निशानदेही पर दोपहिया, मोबाइल व नगदी सहित अन्य सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी जप्त कर लिया है। पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।
पहली घटना बांकीमोंगरा दर्री थाना के बीच सुमेधा पुल में 22 सितंबर को घटित हुई थी। जिसमें बदमाशों ने बांकीमोंगरा निवासी अमित सिंह नामक युवक से बाइक, मोबाइल व नगदी को लूट लिया था। उसे पुल से फेंकने का प्रयास भी किया गया था। इसी तरह बलगी मे एक युवती से लूटपाट की गई थी, जबकि दर्री के एचपी पेट्रोल पंप में बदमाशों ने कर्मचारी से मारपीट कर नगदी रकम लूटकर फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने सिलसिलेवार हो रही लूट की वारदात को गंभीरता से लिया। उन्होंने मामले में कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे। उनके निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर सेल व बांकीमोंगरा तथा दर्री पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की पतासाजी शुरू की। इस दौरान टीम को अहम सुराग हाथ लगे, जिसके आधार पर टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। टीम ने पूछताछ के उपरांत पानी टंकी बांकीमोंगरा निवासी प्रमोद कुमार उर्फ कल्लु 19 वर्ष, विष्णु उर्फ छोटू 18 वर्ष, विकास श्रीवास 20 वर्ष कुदरी पारा, राजा बाबू 21 वर्ष, संदीप दिवाकर 20 वर्ष, राहुल यादव 18 वर्ष प्रगति नगर दर्री के अलावा दो अपचारी बालक को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने लूटपाट को अंजाम देने की बात स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लूटपाट से मिले सामान के अलावा वारदात में प्रयुक्त दोपहिया व मोबाइल को भी जप्त कर लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है।