कोरबा में पुलिस में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाला आरक्षक खुद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बालको थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी राजनांदगांव में पदस्थ है और खुद को पहुंच वाला बताकर लोगों से पैसे वसूलता था।
मामला बालको थाना क्षेत्र का है। आरोपी आरक्षक डिगम्बर प्रसाद कंवर कोरकोमा का निवासी है और वर्तमान में राजनांदगांव में पदस्थ है। उसने पुलिस भर्ती के नाम पर गणेशी राठिया और माधमार निवासी केरा कछार उमाशंकर से 1,25,000 रुपए की ठगी की। आरोपी ने ठगी की रकम अपने भाई के बैंक खाते में डलवाई थी। पीड़ितों को जब भर्ती नहीं हुई और पैसे वापस नहीं मिले तो उन्होंने बालको थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में आरोपी के कथन और बयान से ठगी की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी आरक्षक को हिरासत में ले लिया। उसके पास से एटीएम, पासबुक और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी खुद को विभाग में अच्छी पहुंच वाला बताकर भरोसा दिलाता था।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। राजनांदगांव पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी गई है। बताया जा रहा है कि वहां भी उसके खिलाफ किसी मामले में पहले कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना के बाद कोरबा और राजनांदगांव में ठगी के और लोग सामने आ सकते हैं। आरोपी लंबे समय से भर्ती के नाम पर ठगी कर रहा था। पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों और कॉल डिटेल की जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़ितों का पता चल सके।
korba