गौ तस्करी के शक में पिकअप चालक से मारपीट
- फोटो : अमर उजाला
कोरबा में गौ तस्करी के शक के आधार पर एक पिकअप चालक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। जशपुर से घरेलू सामान लेकर आ रहे चालक को 7 से 8 लोगों ने सड़क पर रोककर लाठी-डंडों से पीटा। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर खुद को बजरंग दल से जुड़ा बता रहे थे। सिर, चेहरे और पीठ पर गंभीर चोटें आने के बाद चालक ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित चालक सोनू शर्मा जशपुर से एक शिक्षक का घरेलू सामान लेकर कोरबा आ रहा था। शिक्षक का तबादला होने के कारण घर का सामान शिफ्ट किया जा रहा था। पिकअप में पलंग, अलमारी, बर्तन और अन्य घरेलू सामान लदा हुआ था। रविवार को जब वह सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोढ़ी के पास पहुंचा, तभी 7-8 लोगों ने उसका वाहन रुकवा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि वाहन रुकते ही हमलावरों ने पिकअप में रखे सामान की तलाशी ली और गौ तस्करी का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने सोनू शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने लाठी, डंडे और हाथ-मुक्कों से सिर, चेहरे और पीठ पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद सभी हमलावर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
सोनू ने शिकायत में बताया कि हमलावरों में चिंटू और सन्नी नाम के दो युवक भी शामिल थे। मारपीट के दौरान आरोपी खुद को बजरंग दल से जुड़ा हुआ बता रहे थे। हालांकि इस दावे की पुलिस ने अभी तक स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद घायल सोनू किसी तरह सिविल लाइन थाने पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।