फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Korba News: तरदा और कुदुरमाल एनीकट में फिर दिखा मगरमच्छ, ग्रामीणों में दहशत; वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

Wed, 12 Aug 2026 01:22 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

सार

तरदा और कुदुरमाल एनीकट क्षेत्र में फिर मगरमच्छ देखे जाने की सूचना से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर तस्वीरें सामने आने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को नदी और आसपास के क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी है।
विज्ञापन
तरदा और कुदुरमाल एनीकट में फिर दिखा मगरमच्छ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरबा जिले के हसदेव नदी से लगे तरदा और आसपास के इलाकों में मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को तरदा एनीकट और कुदुरमाल एनीकट के पास मगरमच्छ देखे जाने की खबर सामने आने के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। सोशल मीडिया पर मगरमच्छ की तस्वीरें सामने आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। 
विज्ञापन


तरदा गांव में कुछ दिन पहले खेत में काम कर रहे किसानों को कीचड़ के बीच करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया था। मगरमच्छ नजर आते ही किसानों ने आसपास के लोगों को सूचना दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। ग्रामीणों ने सावधानी बरतते हुए रस्सी और जाल की मदद से मगरमच्छ को पकड़ लिया था और बाद में उसे वन विभाग के हवाले कर दिया गया। उस समय ग्रामीणों ने क्षेत्र में और मगरमच्छ होने की आशंका जताई थी।

मंगलवार को तरदा एनीकट और कुदुरमाल एनीकट के पास फिर मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली। इसके बाद इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगीं। सूचना मिलने पर वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र की निगरानी शुरू कर दी। बुधवार सुबह करतला वन मंडल के रेंजर अक्ष ऋषि अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एनीकट तथा आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। हालांकि तलाशी के दौरान वन विभाग की टीम को अभी मगरमच्छ नहीं मिला है।
विज्ञापन


रेंजर अक्ष ऋषि ने बताया कि कुछ दिन पहले तरदा क्षेत्र में मगरमच्छ पकड़ा गया था। इसके बाद दोबारा मगरमच्छ देखे जाने की सूचना मिलने पर टीम को मौके पर भेजा गया है। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। वन विभाग के कर्मचारी नदी, एनीकट और आसपास के इलाकों पर लगातार नजर रख रहे हैं। जरूरत पड़ने पर सर्च अभियान के लिए अतिरिक्त टीम भी तैनात की जाएगी।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों से कहा गया है कि वे फिलहाल हसदेव नदी के किनारे और आसपास के खेतों में जाने से बचें। किसी व्यक्ति को मगरमच्छ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या पकड़ने की कोशिश नहीं करने और तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। लगातार दूसरी बार मगरमच्छ देखे जाने की सूचना के बाद तरदा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। वन विभाग का कहना है कि क्षेत्र में निगरानी और तलाशी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें