प्रदेश के साथ ही कोरबा में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण कोरबा जिले की विद्युत वितरण व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता परेशान है। हालात इस कदर गंभीर हैं। इस बात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर के बीच धनवार पारा में पिछले 36 घंटे से बिजली नहीं है।
गर्मी से परेशान धनवार पारा के लोग बीती रात तुलसीनगर स्थित विद्युत वितरण विभाग के मुख्य कार्यालय पहुंच गए। मौके पर ही धरना देकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। धनवार पारा वही क्षेत्र हैं, जहां प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर और पूर्व महापौर जोगेश लांबा रहते हैं। लोगों के प्रदर्शन से वितरण कंपनी के अधिकारियों के हांथ पांव फूल गए।
भाजपा पार्षद धनेश्वरी साहू के नेतृत्व में बैठे लोगों ने बताया कि काफी लंबे समय से बिजली विभाग बिजली कटौती के नाम से लाइट गुल कर रही है। जिससे आम जनता काफी परेशान है। पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। वहीं बिजली नहीं होने के कारण छोटे-छोटे बच्चे गर्मी में रहने को मजबूर हैं।
इस तेज गर्मी में बिना पंखे और कूलर के रहना बड़ा मुश्किल है। इसकी शिकार संबंधित विभाग से करने के बावजूद भी वह अपने हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। फोन करने पर ना ही फोन उठाते हैं। मजबूरन उन्हें विद्युत विभाग का घेराव करना पड़ा।