कोरबा।जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती एक नवप्रसूता ने परिजनों से नाराज होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना अंतर्गत ग्राम छुरी कला निवासी कविता केंवट को प्रसव के लिए 10 सितंबर को जीवांश अस्पताल जेंजरा में भर्ती कराया गया था। वहां उसने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन जन्म के बाद नवजात की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण उसे अस्पताल के विशेष वार्ड SNCU/ICU में रखा गया था।
बताया जा रहा है कि बीती रात किसी बात को लेकर कविता परिजनों से नाराज हो गई। नाराजगी के बाद वह अचानक बिना किसी को बताए अस्पताल से कहीं चली गई। परिजनों को जब इसकी जानकारी लगी तो वे घबरा गए और रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने उसकी फोटो के साथ सोशल मीडिया पर भी तलाश में मदद की अपील की थी।
आज मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे ग्राम जेंजरा के मेन रोड के पास ग्रामीणों ने एक पेड़ पर एक महिला के शव को फंदे से लटकते हुए देखा। शव देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना गांव के सरपंच और कटघोरा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतका की पहचान अस्पताल से लापता हुई कविता केंवट के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं परिजनों से पूछताछ कर पूरे मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी कौन सी वजह थी, जिसके चलते नवप्रसूता ने यह आत्मघाती कदम उठाया। क्या यह पारिवारिक विवाद था या प्रसव के बाद होने वाला अवसाद, यह जांच का विषय है।
इधर अस्पताल में नवजात अभी भी ICU में भर्ती है, जिसकी मां अब इस दुनिया में नहीं रही। घटना को लेकर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।
अस्पताल से लापता हुई नवप्रसूता की लटकती मिली लाश
अस्पताल से लापता हुई नवप्रसूता की लटकती मिली लाश