कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी सगी मौसी की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में घर लौटे युवक को मौसी ने डांट-फटकार लगाई थी। इससे नाराज होकर आरोपी ने उन पर हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय तीरथराम यादव रविवार शाम कहीं से घूमकर अपने घर लौटा था। बताया जा रहा है कि रात करीब 8 से 9 बजे के बीच वह शराब के नशे में घर पहुंचा। उस समय घर में उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई मौजूद थीं। मौसी ने उसे बेवजह इधर-उधर घूमने, रोज शराब पीकर आने और देर से घर लौटने को लेकर फटकार लगाई।
पढ़ें: कोविड अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट पर चोरों का धावा, 20 किलो कॉपर वायर चोरी, पांच गिरफ्तार
मौसी की डांट से तीरथराम गुस्से में आ गया। उसने घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से मोहन कुंवर बाई के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर घर में गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घटना के समय आरोपी की पत्नी, बच्चे और मृतका की बड़ी बहन भी घर पर मौजूद थीं। परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, परिजन उन्हें हायर सेंटर ले जाने के बजाय वापस घर ले आए। कुछ देर बाद घर पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर बांकी मोंगरा पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुरैना गांव में मोहन कुंवर बाई की हत्या उनके भतीजे तीरथराम यादव ने की है। आरोपी शराब के नशे में था और सामान्य विवाद के बाद उसने लकड़ी से महिला पर हमला कर दिया। पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।