बेटे को थाने लाए जाने के बाद उसकी मां पर हंगामा करने और पुलिस आरक्षक से मारपीट करने का आरोप लगा है। मामला बालकोनगर थाने का है, जहां पुलिस ने रानी यादव के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।
कोरबा जिले के बालकोनगर थाने में हंगामा करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला रानी यादव को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
विज्ञापन
बेटे को थाने लाने पर करने लगी विवाद
पुलिस के अनुसार, मामला 9 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8 बजे का है। प्रार्थिया ईश्वरी राज अपने सहकर्मियों के साथ बालकोनगर थाने में शासकीय कार्य कर रही थीं। इसी दौरान शराब के नशे में बाइक चलाते हुए एक बच्ची को टक्कर मारने के मामले में अजय यादव को थाने लाया गया था।
आरोप है कि अजय यादव की मां रानी यादव थाने पहुंची और विवाद करने लगी। पुलिसकर्मियों द्वारा समझाइश देने के बावजूद वह हंगामा करती रही, जिससे शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। इस दौरान उसने एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट भी की, जिससे आरक्षक के हाथ में चोट आई।
विज्ञापन
शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
घटना के बाद प्रार्थिया ईश्वरी राज की रिपोर्ट पर बालकोनगर थाने में अपराध क्रमांक 600/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 132, 121(1) और 221 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर रानी यादव को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे नियमानुसार न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने दी कानून का पालन करने की हिदायत
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मामले में आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जमानत नहीं मिलने के कारण उसे जेल दाखिल कराया गया है।
बालकोनगर पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है। पुलिस ने आम नागरिकों से कानून का पालन करने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।