कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक लड़की के मोबाइल पर लड़के का फोटो देखने के बाद शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक जा पहुंचा। इस घटना में छह लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।
पिता के गुस्से से शुरू हुआ झगड़ा
घटना मुड़ापार पेट्रोल पंप के पास हुई। बताया जा रहा है कि एक लड़की अपने घर पर लड़के का मोबाइल ले गई थी। जब लड़की के पिता ने मोबाइल देखा और उसका स्क्रीन लॉक खोला, तो उसमें एक लड़के की फोटो थी। यह देखकर लड़की के पिता को गुस्सा आ गया। उन्होंने पहले अपनी बेटी की पिटाई की, और फिर लड़के को फोन करके घर बुलाया। घर आने पर लड़के की जमकर पिटाई की गई।
दोस्तों का बदला और पथराव
जब पिटाई की खबर लड़के के दोस्तों को लगी, तो आधा दर्जन से अधिक युवक लाठी-डंडे और पत्थर लेकर लड़की के घर पहुंच गए। उन्होंने घर पर जमकर पथराव किया और एक वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना के बीच, लड़की ने घबराकर खुद को कमरे में बंद कर लिया और आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन उसे बचा लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर 112 डायल की टीम मौके पर पहुंची और सभी को मानिकपुर चौकी ले गई। लड़की और लड़के दोनों पक्षों के परिजन चौकी पहुंचे। मारपीट के बाद भाग रहे लड़के और उसके साथियों की शिकायत परिजनों ने पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ। मानिकपुर चौकी पुलिस ने मारपीट में घायल सभी लोगों का मुलाइजा कराया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।