जिले में भीषण गर्मी के कारण पानी और बिजली की गंभीर किल्लत हो गई है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हालात बदतर हैं, जिससे लोग परेशान हैं। कटघोरा के रहमानिया नगर वार्ड में पिछले सात दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है।
बिजली की लगातार कटौती ने भी जनजीवन को मुहाल कर दिया है। परेशान वार्डवासियों ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल ने कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने आज शाम से ही वार्ड में पानी की व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया।
कटघोरा नगर पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि समस्या जल्द दूर कर ली जाएगी। कटघोरा के अलावा, मुड़ापार, अमरिया पारा, एसईसीएल रामनगर और बुधवारी जैसी कई शहरी बस्तियों में भी बिजली-पानी की समस्या है। पूर्व एमआईसी सदस्य दिनेश सोनी और पूर्व पार्षद महेश अग्रवाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
जनजीवन पर गहरा प्रभाव
लगातार बिजली कटौती से पढ़ाई करने वाले बच्चे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। रात में बिजली गुल होने से वे पढ़ नहीं पा रहे हैं। छोटे-बड़े व्यापारी भी परेशान हैं, क्योंकि इन्वर्टर जवाब दे रहे हैं और कारोबार ठप हो रहा है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से बुजुर्ग और बीमार लोग बेहाल हैं। रात में मच्छरों के आतंक से उनकी नींद भी पूरी नहीं हो रही है।
आरोपों और मांगों का दौर
ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज चौहान ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली काटी जाती है, लेकिन स्थिति नहीं सुधरती। स्मार्ट मीटर लगाकर लोगों को लूटा जा रहा है, फिर भी बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी घंटों अघोषित कटौती हो रही है। लोगों ने प्रशासन से तत्काल राहत की मांग की है।