फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छत्तीसगढ़: कोरबा में दो दिन में 67 फरार वारंटी दबोचे गए, पुलिस अभियान से अपराधियों में मचा हड़कंप

Tue, 07 Jul 2026 05:42 PM IST
कोरबा ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, कोरबा

सार

कोरबा में कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए कोरबा पुलिस का 'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान सफल रहा है। दो दिनों में 67 वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
विज्ञापन
कोरबा में 67 वारंटी अरेस्ट - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और फरार अपराधियों पर लगाम कसने के लिए कोरबा पुलिस का सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान लगातार रंग ला रहा है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में चलाए गए विशेष वारंटी अभियान के तहत सिर्फ दो दिनों में 11 स्थायी वारंटी और 56 गिरफ्तारी वारंटी सहित कुल 67 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
विज्ञापन


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा लखन पटले और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों के एसडीओपी और सभी थाना-चौकी प्रभारियों को वारंट तामिली के लिए विशेष निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत छह जुलाई और सात जुलाई को जिलेभर में एक साथ विशेष अभियान चलाया गया।
 

विज्ञापन

पुलिस टीमों ने लगातार पतासाजी, मुखबिर तंत्र और योजनाबद्ध दबिश के जरिए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को उनके ठिकानों से पकड़ा। अभियान में छह जुलाई को छह स्थायी वारंटी और 32 गिरफ्तारी वारंटी वहीं सात जुलाई को पांच स्थायी वारंटी और 24 गिरफ्तारी वारंटी तामील किए गए।

गिरफ्तार सभी वारंटी न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद काफी समय से फरारी काट रहे थे। इनमें मारपीट, चोरी, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े आरोपी शामिल हैं। कोरबा पुलिस ने उनकी लगातार निगरानी कर सूचना संकलन के बाद दबिश देकर गिरफ्तारी सुनिश्चित की। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

 


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अभियानों का मुख्य उद्देश्य न्यायालय से जारी वारंटों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना, अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। लगातार हो रही कार्रवाई से जिले में फरार चल रहे आरोपियों में हड़कंप मचा हुआ है।

विज्ञापन


कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ इस प्रकार की सख्त और प्रभावी कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फरार आरोपी की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें, ताकि कानून का राज और बेहतर तरीके से स्थापित किया जा सके।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें