छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री और कोरबा नगर विधायक लखन लाल देवांगन ने राज्य बजट में कोरबा नगर निगम क्षेत्र सहित पूरे जिले के लिए मिली स्वीकृतियों पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सशक्त प्रयासों से महत्वपूर्ण सड़क निर्माण, पुल पुलिया निर्माण और शासकीय स्कूल भवनों के लिए बजट में मंजूरी मिली है।
जारी बजट के अनुसार कोरबा नगर निगम क्षेत्र में बालको रोड से ढोढीपारा नहर मार्ग होते हुए पंप हाउस तक 12 किलोमीटर लंबे टू लेन मार्ग के लिए 9.60 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। सोनालिया पुल निर्माण के लिए 7.20 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। बालको नगर क्षेत्र में बंद हो चुकी गर्म नहर मार्ग का भराव करते हुए अमर होटल से आगे 4 किलोमीटर लंबी सीसी सड़क निर्माण के लिए 6.40 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।
दादर से नकटीखार तक 5 किलोमीटर पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 5.60 करोड़ रुपये, रूमगरा चौक से सोनपुरी मार्ग 6 किलोमीटर के लिए 5.60 करोड़ रुपये तथा रूमगड़ा से जाम बाहर तक 4 किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4.80 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रानी रोड से नदी की ओर दुरपा रोड को जोड़ते हुए सर्वमंगला ब्रिज के नीचे तक 3 किलोमीटर सीसी सड़क निर्माण के लिए 4.80 करोड़ रुपये तथा डिंगापुर से सिंचाई कॉलोनी मुक्तिधाम रामपुर तक 3 किलोमीटर सीसी मार्ग निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है।
देवी अहिल्याबाई होल्कर कन्वेंशन सेंटर कोरबा के वातानुकूलन कार्य के लिए 2.50 करोड़ रुपये तथा कटघोरा में हाईटेक बस स्टैंड निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों के माध्यम से अन्य कार्यों को भी बजट में स्वीकृति मिली है।
कोरबा शहर में कई ओवर ब्रिज के सर्वेक्षण कार्य को भी मंजूरी दी गई है। सीएसईबी चौक के पास वाइस सेफ रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण, बरबसपुर यार्ड के पास रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण तथा कोरबा चापा गेवरा रेल लाइन में दो स्थानों पर ओवर ब्रिज निर्माण के सर्वेक्षण हेतु 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य बजट में कोरबा नगर निगम क्षेत्र और जिले के लिए मिली स्वीकृतियों पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोरबा नगर को लगातार बड़े निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृति मिल रही है।
स्कूल शिक्षा विभाग के तहत प्रदेश में ढाई सौ प्राथमिक शाला भवन निर्माण की स्वीकृति दी गई है, जिसमें कोरबा जिले के 22 प्राथमिक शाला भवन शामिल हैं। इनमें प्राथमिक शाला देवद्वारी, मोती सागर पारा, बेला कछार, शासकीय कन्या कोरबा, लालघाट, सेंट्रल वर्कशॉप, गोकुल नगर, दादर खुर्द, नया रिसदी, डूमरडीह झगहरा, करतला के गनियारी, बुढ़िया पाली, भाटापारा, बंजारी, पाली के चारपारा, सेमर कछार, दहीबोरापारा, शांति नगर, पोड़ी उपरोड़ा के खोडरी, कुम्हारी सनी, चचाईयापारा और बनवार शामिल हैं।