जिले में लगातार बारिश के बीच रामपुर से लगे डेंगूनाला बस्ती में एक दर्दनाक हादसा हो गया। नाले को पार करते समय 60 वर्षीय गोरे लाल तेज पानी के बहाव में बह गए। उनकी 58 वर्षीय पत्नी जान बाई ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचाई।
गोरे लाल और जान बाई रामपुर बस्ती के निवासी थे। दोनों आसपास की बस्तियों में भीख मांगकर जीवन यापन करते थे। सोमवार सुबह बालको बस्ती से भीख मांगकर घर लौटते समय डेंगूनाला उफान पर था। पति-पत्नी ने नाले को पार करने की कोशिश की, लेकिन पानी का तेज बहाव बढ़ने से दोनों बहने लगे। जान बाई ने खुद को बचा लिया, पर गोरे लाल बहते हुए आगे चले गए।
नाले के किनारे मौजूद स्थानीय लोगों ने गोरे लाल को पानी से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। परिजनों ने बताया कि मृतक गोरे लाल के परिवार में एक बेटी है जो पढ़ाई कर रही है। पति की मौत के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
जिले में प्रशासन ने किया अलर्ट
जिले में सोमवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। लगातार वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जून से 6 जुलाई तक जिले में कुल 205.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों को पार न करें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें। एक छोटी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है।