नगर पालिका परिषद दीपका के अंतर्गत पाली रोड में लंबे समय से संचालित शराब दुकान को तहसील रोड और गोवरघोरा वार्ड क्रमांक 1 में स्थानांतरित करने के प्रशासन के प्रयास का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। वार्ड-1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस मुद्दे को लेकर कलेक्टर कोरबा को औपचारिक आपत्ति पत्र सौंपकर इस स्थानांतरण पर तत्काल स्थायी प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
पार्षद कमलेश जायसवाल ने चिंता जताते हुए कहा कि यदि मदिरा दुकान को घनी आबादी वाले वार्ड-1 और तहसील रोड के समीप खोला गया तो क्षेत्र की शांति-व्यवस्था पूरी तरह भंग हो जाएगी। इस निर्णय से स्थानीय निवासियों के हितों और सुरक्षा को भारी क्षति पहुंचेगी। शराब दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ेगा, जिससे आए दिन अप्रिय घटनाएं होने की आशंका है।
आपत्ति पत्र की प्रतिलिपियां त्वरित दंडात्मक कार्रवाई के लिए दीपका तहसीलदार और नगर पालिका परिषद दीपका के सीएमओ को भी भेजी गई हैं, ताकि समय रहते इस निर्णय को बदला जा सके। स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि शराब दुकान को रिहायशी, शैक्षणिक और धार्मिक क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर ही रखा जाए।
korba