उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा जिले के ग्राम भूलसीडीह स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अकादमिक ब्लॉक, लेक्चर हॉल, डीन कार्यालय सहित विभिन्न विभागों का अवलोकन कर अधिकारियों से सुविधाओं और अधोसंरचना की जानकारी ली। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाकर आगामी जनवरी माह तक सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंत्री देवांगन को क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल प्रयोगशालाओं, एनाटॉमी तथा फिजियोलॉजी विभाग की तैयारियों के बारे में बताया। लेक्चर हॉल की क्षमता, लाइब्रेरी, प्रयोगशालाओं में उपकरणों की स्थापना और छात्रावासों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सभी विभागों की प्रगति रिपोर्ट देखने के बाद मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी बाधाएं हैं उन्हें तत्काल दूर कर काम की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज कोरबा के युवाओं के लिए स्वास्थ्य शिक्षा का बड़ा केंद्र बनेगा और यहां से निकलने वाले डॉक्टर क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देंगे।
मंत्री देवांगन ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देकर देशभर में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उनके मार्गदर्शन में कोरबा जिले में भी कई परियोजनाएं धरातल पर उतरी हैं। भूलसीडीह मेडिकल कॉलेज उसी कड़ी की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस ऐतिहासिक परियोजना के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेडिकल कॉलेज निरीक्षण के बाद मंत्री देवांगन भारतमाला परियोजना के तहत उरगा से बिलासपुर, उरगा से चांपा और उरगा से पत्थलगांव तक बन रहे राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उरगा-चांपा मार्ग का निर्माण कार्य पूरी तरह पूर्ण हो चुका है और यातायात के लिए सुचारू है। उरगा-बिलासपुर मार्ग पर लगभग 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य तेजी से चल रहा है। वहीं उरगा-पत्थलगांव मार्ग का निर्माण भी तय समय-सीमा में पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम चल रहा है।
मंत्री ने सड़क निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने और समय-सीमा का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें उद्योग, व्यापार और आमजन की आवागमन सुविधा को मजबूत करेंगी, जिससे कोरबा का आर्थिक विकास और तेज होगा। इस दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग सहित कई जनप्रतिनिधिगण और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने समय पर परियोजनाएं पूर्ण करने का संकल्प दोहराया।