बांकीमोंगरा में नशेड़ी ने किया चाकू से हमला
जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में बीच चौक पर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। एक नशेड़ी युवक ने अपने ही रिश्तेदार पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा निवासी 22 वर्षीय नरसिंहा कुमार के ऊपर उसके ही रिश्तेदार 19 वर्षीय गणेश कुमार ने चाकू से हमला किया है। बताया जा रहा है कि घटना उस समय हुई जब नरसिंहा घर के पास चौक पर चाय लेने गया था। दुकान के पास पहले से खड़ा गणेश नशे की हालत में था। नरसिंहा ने उसे साइड होने को कहा इसी बात पर विवाद बढ़ गया और गणेश ने जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया।
ये भी पढ़ें: सूरजपुर: मामूली बात पर युवक ने की खुदकुशी; पिता से मांगे पांच हजार,दूसरे से दिलवाने की बात पर उठाया खौफनाक कदम
चाकू लगने से नरसिंहा घायल हो गया लेकिन नशे की हालत में होने के कारण उसे शुरुआत में एहसास नहीं हुआ और वह खून निकलते हुए ही घर पहुंच गया। घर पहुंचने पर जब उसकी मां ने उसके हाथ से खून निकलते देखा तो चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उसे लेकर बांकीमोंगरा थाने पहुंचे।
थाने में पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल युवक का मुलाहिजा कराया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी गणेश कुमार की तलाश शुरू कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र में नशेड़ियों के कारण आए दिन मारपीट और चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। खुलेआम चौक-चौराहों पर नशा करना और विवाद करना आम हो गया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल बांकीमोंगरा पुलिस ने धारा 109 सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।