नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 01 सोमवारी बाजार प्रेमनगर में पिछले डेढ़ महीने से बिजली कटौती जारी है। अधूरी आपूर्ति की समस्या से परेशान वार्डवासियों का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में दीपका बिजली कार्यालय को औपचारिक ज्ञापन सौंपा।
नागरिकों ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो बिजली कार्यालय की तालाबंदी और घेराव किया जाएगा। पार्षद कमलेश जायसवाल ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्ड एक के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है। जनता को हर मूलभूत समस्या के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी और उमस में लोग रहने को मजबूर हैं। दीपका बिजली विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया हुआ है। राज्य सरकार हर साल विद्युत मंडल को करोड़ों रुपये का ठेका देती है। ठेकेदारों के गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही से आमजन प्रताड़ित हो रहा है। बिजली नहीं मिलने पर भी अनाप-शनाप बिल भेजकर आर्थिक शोषण किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताई परेशानी
प्रदर्शन में श्यामबाई, चवनबाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, रोमा बाई, चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान और संजू सिंह जैसी महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक महीने से अधिक समय से रात की नींद हराम है। उमस और मच्छरों के कारण लोग सो नहीं पा रहे हैं। पुरुषों को दिनभर की मेहनत के बाद भी रात में आराम नहीं मिलता। इससे कार्यस्थलों पर दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है।
सौंपे गए ज्ञापन में दिया अल्टीमेटम
सौंपे गए ज्ञापन में वार्डवासियों ने लिखित अंतिम चेतावनी दी है। उन्होंने 7 दिन के भीतर अधूरी आपूर्ति की समस्या दूर करने की मांग की है। 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। अनावश्यक कटौती बंद करने और गलत बिलों का निराकरण करने की भी मांग है। नागरिकों ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो बिजली कार्यालय के सामने धरना देकर चक्काजाम किया जाएगा।