कोरबा में शुक्रवार की शाम आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट और कमर्शियल सिलिंडर की कमी को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान भैंसमा तहसील में गैस सिलिंडर की शव यात्रा निकाली और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
आप नेताओं ने सरकार के 'गैस की कोई कमी नहीं' वाले दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में गैस संकट के हालात सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। जब सरकार खुद दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो आम जनता को सिलिंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है? प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 500 रुपये में गैस सिलिंडर देने की 'गारंटी' पूरी तरह विफल हो चुकी है। आज आम आदमी को घरेलू गैस सिलिंडर भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऊपर से घरेलू सिलिंडर पर 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपये की बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है।
केंद्र की गलत नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ की जनता रसोई गैस (एलपीजी) और कमर्शियल गैस की अनियमित एवं अपर्याप्त आपूर्ति की गंभीर समस्या का सामना कर रही है। वर्तमान स्थिति में गैस सिलिंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों का दैनिक जीवन अत्यंत प्रभावित हो रहा है। कमर्शियल गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल-रेस्टोरेंट व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। बाहर से आने वाले लोगों को भोजन नहीं मिल पा रहा है या महंगा मिल रहा है, जिससे व्यवसायियों का जीवनयापन भी कठिन हो गया है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ में संबंधित विभाग और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए और रसोई गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैस वितरण प्रणाली की निगरानी को सुदृढ़ करने और शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था भी लागू की जाए।
आज के प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी की ओर से कोरबा लोकसभा सचिव शत्रुघ्न साहू, लोकसभा उपाध्यक्ष भूषण कुर्रे, जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन, यूथ विंग अध्यक्ष आजाद बख्श, जिला संगठन मंत्री लहना सिंह, जिला सचिव सपन बहादुर सिंह, जिला उपाध्यक्ष छविलाल, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष ग्वेल, सीताराम राठिया, सोमराज ठाकुर, कुलेश्वर यादव, प्यारीलाल राठिया सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।