डंपर ऑपरेटर के सूने मकान में 7 लाख की चोरी,
एसईसीएल की कुसमुंडा कॉलोनी में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने डंपर ऑपरेटर के सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। घटना के समय परिवार पितृपक्ष मनाने अपने गृहग्राम अंबिकापुर गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा के बी-322 आवास में रहने वाले डंपर ऑपरेटर विकुल दास अपने परिवार के साथ अंबिकापुर गए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने मकान में धावा बोल दिया। चोर पीछे का दरवाजा तोड़कर घर में घुसे और अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि विकुल दास ने अपने बेटे की शादी के लिए गहने बनवाकर रखे थे। परिवार के घर लौटने पर सामान बिखरा मिला, जिसके बाद चोरी का पता चला। इसके बाद तत्काल कुसमुंडा पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटेल ने बताया कि एसईसीएल कर्मी के घर चोरी की घटना सामने आई है। परिवार के बाहर जाने के दौरान वारदात हुई। मामले में अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
एसईसीएल कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। त्योहारी सीजन में कर्मचारियों के छुट्टी पर जाने के दौरान सूने क्वार्टर चोरों के निशाने पर रहते हैं। इन घटनाओं ने कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।